Wednesday, 20 September 2017

PTA बैठक हमारी छोरियों ने अपने अभिभावकों के स्वागत के लिए रंगोली बनाई और मैंने इनके माता-पिता के स्वागत हेतु कंक्रीट को आकार दिया। आज कितने ही दिनों बाद ये लड़कियाँ प्रार्थना-सभा में शामिल हुई हैं, खुद इन्हें ही नहीं पता। काफी दिनों से इनकी कक्षा सुबह 8 बजे शुरू हो रही है। आज इसमें छूट दी गई। ये सब व्यवस्था आज की अध्यापक-अभिभावक परिषद बैठक के लिए की गई थी। मेरी कक्षा के बच्चों के अभिभावकों की उपस्थिति अन्य कक्षाओं की बजाय सर्वाधिक थी जिसकी प्रिंसिपल सर ने भी प्रशंसा की। उनके उचित मार्गदर्शन में ही ये सब हो रहा है। आये हुए सभी लोगों से जी भर कर बातें हुई और उनको बच्चों की वास्तविक स्थिति से अवगत भी करवाया। मेरे काम से भी सभी लोग संतुष्ट नजर आए और आज की खास उपलब्धि मेरी नजर में ये रही कि खुद अपनी तरफ से बच्चों के लिए अवकाश के दिन अतिरिक्त कक्षा के लिए स्कूल आने की अनुमति प्राप्त कर ली। दशहरे की छुट्टियों के लिए विशेष रूप से। मेरे पास इन बच्चों को प्रयोगशाला बनाने के लिए बहुत कम समय है। अल्प समय में मैं इन बच्चों को वो सब देना चाहता हूँ कि जब ये यहाँ से निकले और जिंदगी का नए रूप में सामना करें तब खुद को परिपक्व और आत्मविश्वास से लबरेज पाएँ। कितने काबिल बनते हैं इसका फैसला तो आने वाला समय ही करेगा। मेरी उम्मीद इस सत्र के 12 वीं के बच्चों से बहुत ज्यादा हैं। आने वाले बच्चे तो मुझे दो साल तक झेल चुके होंगे इसलिए उन पर ज्यादा यकीन किया जा सकता है। #कचोटिया_स्कूल

No comments:

Post a Comment