#मिशन_शेखावाटी-100
संयुक्त निदेशक कार्यालय-चूरू
किसी भी शिक्षक और उसके बच्चों के लिए सबसे महत्त्वपूर्ण समय बोर्ड परीक्षा से पहले वाला होता है। इस दौरान वो दोनों सामूहिक रूप से अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में मशगूल रहते हैं। लेकिन कई बार राष्ट्रीय महत्त्व के कार्यों के कारण इस समय में व्यवधान आने लाजिमी हो जाते हैं। लिहाजा बच्चों को प्रत्यक्ष रूप से इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। शिक्षक चाहते हुए भी कुछ कर नहीं पाता है या जो रणनीति उसने बनाई है उस पर काम नहीं कर पाता है। ऐसा ही एक महत्त्वपूर्ण काम है- चुनाव। सत्र 2019-20 की बोर्ड परीक्षा से ठीक पहले पंचायतीराज चुनाव आने से शिक्षा विभाग के कार्मिक चुनाव आयोग की मशीनरी के उपकरण बन जाते हैं।
ऐसे समय में चूरू मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक आदरणीय सुरेंद्र सिंह गौड़ और सहायक निदेशक आदरणीय ओमप्रकाश फगेड़िया के निर्देशन में कक्षा 10 के उर्दू सहित सात विषयों और कक्षा 12 के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, जीवविज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी जैसे विषयों के विशेषज्ञ एक टीम के रूप मिलकर काम करते हैं। इसी कार्य का प्रतिफल मिशन शेखावाटी 100 नामक पुस्तिका के रूप में सामने आता है। बोर्ड परीक्षा परिणाम में न केवल मात्रात्मक अपितु गुणात्मक सुधार को लक्ष्य कर बनाई गई इन पुस्तिकाओं को शेखावाटी के तीन जिलों के सभी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में निश्शुल्क पहुँचाया गया। बाकी के जिलों के लिए शाला दर्पण और टीचर जंक्शन नामक मोबाइल एप्लीकेशन पर लिंक जारी किया गया। मेरी निजी जानकारी के अनुसार अन्य जिलों के शिक्षक साथी इन लिंक्स से पुस्तिकाओं को डाउनलोड करके कक्षा में प्रश्नोत्तर लिखवा रहे हैं। इस कार्य के लिए समस्त संस्था प्रधानों और शिक्षक साथियों का अभिनंदन जो इस मुहिम की सफलता के लिए कार्य कर रहे हैं। इससे बच्चों का लेखन भी सुधरेगा और प्रिंट देने के अनावश्यक खर्च से भी निजात मिल रही है। ये पुस्तिकाएँ पूर्ण रूप से बोर्ड नीलपत्र(ब्लू प्रिंट) पर आधृत हैं। पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों का अवलोकन करके तैयार की गई पुस्तिकाओं में परीक्षोपयोगी प्रश्नोत्तर शामिल किए गए हैं।
इसके साथ ही दैनिक अखबार दैनिक भास्कर में हर रोज किसी एक विषय पर आधारित 15 प्रश्नोत्तर प्रकाशित किए जा रहे हैं। ये प्रश्नोत्तर प्रार्थना सभा में बच्चों के साथ साझा किए जाते हैं। खाली कालांश में बच्चे स्वयं अखबार में इन प्रश्नों पर चर्चा करते हुए देखे गए हैं। ये प्रश्नोत्तर भी विषय विशेषज्ञों द्वारा निश्शुल्क तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें प्रकाशित करने के लिए दैनिक भास्कर का अभिनंदन करते हैं।
चूँकि इस समय बहुत से शिक्षक साथी पंचायत चुनाव कार्य और बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षा में व्यस्त हैं। इस कारण इनकी उपयोगिता और बढ़ गई है। चूरू संयुक्त निदेशक कार्यालय का लक्ष्य बोर्ड परीक्षा में राजकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम गुणवत्ता के साथ शतप्रतिशत रखने का है। मिशन शेखावाटी 100 की पूरी टीम को उनके इस नेक कार्य के लिए साधुवाद। उनकी सामूहिक टीम भावना और विषय और शिक्षार्थियों के प्रति काम करने का जज्बा देखते ही बनता है। माननीय शिक्षा निदेशक और माननीय शिक्षा मंत्री महोदय ने भी चूरू मण्डल के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की है। जब सक्षम और उच्च स्तर से प्रोत्साहन और सराहना मिलती है तो काम करने का आनंद द्विगुणित हो जाता है। मुझे खुशी है कि मैं भी इस टीम का एक अदना-सा उपकरण हूँ। समस्त उच्चाधिकारियों, शिक्षक साथियों का अभिनंदन और बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ....💐
No comments:
Post a Comment